Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की सबसे अहम कड़ी
बस्ती | 25 सितंबर 2026
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर कार्यशाला में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों और चुनौतियों पर हुई चर्चा
बस्ती। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन की ओर से पटेल चौक स्थित एक निजी होटल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मासिस्टों की भूमिका, उनकी जिम्मेदारियों और कार्यक्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके बिना स्वास्थ्य महकमे की सेवाओं की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दवाओं के वितरण में थोड़ी सी असावधानी भी मरीज के जीवन के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। ऐसे में फार्मासिस्टों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति हमेशा सजग और सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने फार्मासिस्टों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनके स्तर से जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी, वह उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता जगदीश प्रसाद शुक्ल ने कहा कि वर्तमान समय में फार्मासिस्ट कई समस्याओं और चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्होंने हमेशा अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया है। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में फार्मासिस्टों ने शहर से लेकर गांव के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाजपा नेता सुरेंद्र चौधरी ने भी फार्मासिस्टों की समस्याओं पर चर्चा की और कहा कि सरकार अपने स्तर से समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
कार्यशाला में फेडरेशन के प्रदेश सचिव शिवम अग्रहरि, जिलाध्यक्ष आदर्श वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ सिद्दीकी, मंडल उपाध्यक्ष मनीष चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने केक काटकर विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष रुधौली शिवम मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष सदर अभिषेक यादव, जिला मंत्री मनीष चौधरी, आदर्श श्रीवास्तव, जय प्रसाद, निखिल पांडेय, अंकित वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, अनुज कुमार कसौधन, आदर्श मिश्र, विनय कुमार, संजय पटेल, पंकज चौधरी, सुभाष चौरसिया, नितेश बहादुर पाल, रंजीत यादव, सुधीर चौरसिया, शिवेश तिवारी, नीरज यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS