NGV PRAKASH NEWS

आगरा में आधी रात पुलिस का आकस्मिक फॉल-इन, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
आगरा | 26 सितंबर 2026
आगरा में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता परखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने देर रात आकस्मिक फॉल-इन कराया। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने 25/26 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सिटी जोन के सभी चौकी प्रभारियों, थाना मोबाइल और रात्रि अधिकारियों को सूरसदन तिराहा, हरीपर्वत पर आकस्मिक रूप से बुलाया।
अचानक बुलाए जाने के बावजूद सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ मौके पर उपस्थित पाए गए। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल की उपस्थिति और रिस्पांस टाइम का जायजा लिया।
इसके बाद पुलिस बल ने सूरसदन तिराहे से दीवानी की ओर आभूषण की दुकानों और मॉल क्षेत्र में पैदल मार्च किया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। संबंधित पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार सतर्क रहने और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
रात्रि में अचानक की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य पुलिस बल की मुस्तैदी, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और प्रमुख बाजार एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।
NGV PRAKASH NEWS