भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण निर्देश दिए…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

बस्ती | 26 सितंबर 2026

मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बस्ती जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ तटबंध और नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शहर में गिरे पेड़ और जलभराव की स्थिति का लिया जायजा

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कंपनीबाग, गांधी नगर, रोडवेज तिराहा और ब्लॉक रोड सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। ब्लॉक रोड पर तेज हवाओं के कारण गिरे पेड़ का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को पेड़ एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाकर आवागमन सुचारू कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव अथवा यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और तेज बारिश व हवाओं के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

कटरिया-चांदपुर तटबंध और टांडा-कलवारी पुल का निरीक्षण

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने कटरिया-चांदपुर तटबंध तथा टांडा-कलवारी पुल के आसपास भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान तटबंध की स्थिति, जलस्तर, आवागमन और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली गई।

लगातार बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए नदी एवं तटबंध के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जलस्तर बढ़ने, कटान अथवा तटबंध से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया।

राहत और बचाव टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी टीमें पूरी तरह तैयार रहें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे।

नदी और तटबंध के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने तथा स्थानीय लोगों को मौसम की स्थिति के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए राजस्व, पुलिस, नगर निकाय और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा राहत-बचाव उपकरण तैयार रखने को कहा है।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और नदी, नालों, तटबंधों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उपजिलाधिकारी राजेश यादव, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, सत्येन्द्र गौतम, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *