प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही नगर बाजार के चौबाह गांव पहुंचे,मृतक मोती के परिजनों को सौपे चार लाख के सहायता राशि का चेक…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अतिवृष्टि और आंधी-तूफान से जनहानि पर पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख की सहायता

बस्ती, 27 सितंबर 2026

जनपद में अतिवृष्टि और तेज आंधी-तूफान से हुई जनहानि को लेकर प्रदेश सरकार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।

प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही नगर बाजार के चौबाह गांव पहुंचे, जहां तेज आंधी-तूफान के दौरान टीन शेड गिरने से मोती पुत्र खेंदू की मृत्यु हो गई थी। बताया गया कि मोती रात में अपने टीन शेड में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान के कारण टीन शेड गिर गया और उसके नीचे दबने से उनकी मृत्यु हो गई। प्रभारी मंत्री ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया तथा शोक संवेदना व्यक्त की।

इसी क्रम में ग्राम बलुआ निवासी प्रशान्त पुत्र घनश्याम की सर्पदंश से हुई मृत्यु पर भी प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस पहुंचकर उनके परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में बाढ़, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान से उत्पन्न परिस्थितियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देश दिया कि जनपद की सभी बाढ़ चौकियां सक्रिय रखी जाएं और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधीक्षण अभियंता विद्युत से जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, वहां मैनपावर बढ़ाकर अधिकतम कल तक बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए।

लोक निर्माण विभाग को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए गए। वहीं उपनिदेशक कृषि को वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं एवं राहत का लाभ उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिला प्रशासन की ओर से अतिवृष्टि, आंधी-तूफान और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

बैठक के दौरान गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि फूलचन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, एसई विद्युत मोहम्मद खालिद सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *