NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, हालत गंभीर होने पर जिला महिला अस्पताल रेफर
बस्ती 2 अक्टूबर 2026।
गौर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार, किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया, जहां मुख्य आरोपी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे किशोरी को रानीपुर बाबू चौराहे के पास से बदहवास हालत में बरामद किया गया।
परिजनों ने तत्काल उसे गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पीड़िता की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने गौर थानाध्यक्ष को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गौर थाना प्रभारी अतुल अंजान खुद अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे रहे।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS