NGV PRAKASH NEWS

बस्ती: बहला-फुसलाकर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; पीड़िता हायर सेंटर रेफर
बस्ती 2 अक्टूबर 2026.
एक तरफ प्रशासन जहां पर 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाने की तैयारी कर रहा था, वहीं दूसरी तरफ गौर थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बुलाया, फिर दिया घटना को अंजाम
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान जितेंद्र राजभर के रूप में हुई है। आरोपी और पीड़िता के बीच पिछले करीब चार महीनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत चल रही थी। आरोप है कि 1 अक्टूबर की रात आरोपी ने किशोरी को मिलने के बहाने बुलाया और विश्वास में लेकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
चौराहे के पास बदहवास मिली किशोरी
घटना के बाद परिजन जब खोजबीन कर रहे थे, तब रात करीब 9 बजे किशोरी रानीपुर बाबू चौराहे के पास गंभीर हालत में मिली। परिजनों के अनुसार, पीड़िता की हालत बेहद नाजुक थी। परिजन तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और प्रशासनिक बयान
घटना की सूचना मिलते ही गौर थाना प्रभारी अतुल अंजान अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है। उन्होंने पुष्टि की कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और कथित सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS