Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 का भव्य शुभारंभ, नारी सुरक्षा और सशक्तीकरण के संदेश के साथ निकला पैदल मार्च
बस्ती | 11 अक्टूबर 2026
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद बस्ती में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज-6 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सिविल लाइन चौकी से नारी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के संदेश के साथ जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर पालिका के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सिविल लाइन चौकी से निकला जागरूकता मार्च
पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन में आयोजित यह पैदल मार्च सिविल लाइन चौकी से शुरू हुआ। मार्च बेगम खैर होते हुए गांधीनगर, मालवीय तिराहा, फव्वारा तिराहा और जिलाधिकारी कार्यालय से होकर पुनः सिविल लाइन स्थित शास्त्री चौक पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान प्रतिभागियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
हेल्पलाइन नंबरों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पैदल मार्च के दौरान प्रमुख चौराहों और बाजारों में नागरिकों को पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
अधिकारियों ने संदेश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
नारी सम्मान और सशक्तीकरण पर दिया जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है। ऐसे अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समान अवसरों की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। अभियान की सफलता के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता भी आवश्यक है।
इस अवसर पर जनपद के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS