Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बस्ती में चुनाव प्रचार सामग्री की दरें तय करने को लेकर हुई बैठक
मंच, पंडाल, कुर्सी, साउंड सिस्टम और वाहनों के खर्च का होगा निर्धारण, प्रत्याशियों के चुनावी व्यय पर रहेगी नजर
बस्ती, 13 नवंबर 2026.
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले चुनावी खर्च का पारदर्शी हिसाब-किताब रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रचार सामग्री एवं विभिन्न सुविधाओं की दरों के निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने अपने चेंबर में की। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों और सुविधाओं की दरों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में चुनाव प्रचार के दौरान उपयोग किए जाने वाले मंच, पंडाल, कुर्सी, टेबल, साउंड सिस्टम, वाहन तथा अन्य प्रचार संसाधनों की दरें निर्धारित करने के संबंध में चर्चा हुई। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों के खर्च का वास्तविक और पारदर्शी आकलन सुनिश्चित करना है।
अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए जाने वाले व्यय का सही एवं पारदर्शी लेखा-जोखा रखने के लिए विभिन्न मदों की दरों का नियमानुसार निर्धारण आवश्यक है। निर्धारित दरों के आधार पर ही प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय का आकलन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS