छठ पर्व को लेकर मंडलायुक्त, डीआईजी डी यम व एसपी ने अमहट घाट तथा नगर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर घाट का किया निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने अमहट घाट का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश, संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

बस्ती 15 नवंबर 2026.

छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रविवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट सहित नगर बाजार क्षेत्र के नगर बाजार स्थित पौराणिक दुर्गा मंदिर के समीप स्थित छठ पूजा स्थल पोखरे का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व पर घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जल में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

वहीं, डीआईजी संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों और नगर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें पूरी तरह अलर्ट रहें। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने को कहा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा आस्था एवं लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *