NGV PRAKASH NEWS

साढ़े चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने टावर पर चढ़कर भरी प्रेमिका की मांग, नीचे उतरी युवती
शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी नेहा गौतम, प्रेमी के सिंदूर डालते ही गूंजने लगीं तालियां
जौनपुर 15 नवंबर 2026.
बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह करीब छह बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी करने की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी द्वारा टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर भरने पर युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। युवती के नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा गौतम और अभिजीत गौतम, दोनों कसेरवा बसेरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि नेहा ने जब अभिजीत से शादी करने की बात कही तो वह पीछे हटने लगा। इससे नाराज होकर नेहा रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। खास बात यह रही कि युवती ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर टावर पर चढ़ने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। उसकी मांग थी कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी।
इसके बाद पुलिस प्रेमी को तलाश कर मौके पर ले आई। प्रेमी ने युवती को समझाने का प्रयास किया और खुद भी टावर पर कुछ ऊंचाई तक चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबरा गया। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद प्रेमी दोबारा टावर पर थोड़ा ऊपर चढ़ा और युवती भी कुछ नीचे आई। इसी दौरान प्रेमी ने उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया।
प्रेमी के सिंदूर डालते ही युवती नीचे उतरने को तैयार हो गई। करीब साढ़े चार घंटे बाद युवती के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद भीड़ तालियां बजाने लगी। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई।
बताया जाता है कि युवती महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम की क्षेत्र में खूब चर्चा होती रही।
NGV PRAKASH NEWS