पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, दो लोगों की मौत, दो गंभीर; डीआईजी ने थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को किया निलंबित…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, फायरिंग में दो लोगों की मौत, दो गंभीर; DIG ने थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

📍 पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीणा ने डीआईजी के निर्देश पर किया निलंबित.

संतकबीरनगर 15 नवंबर 2026.

जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में शनिवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। खेत में आमने-सामने आए दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला फायरिंग तक पहुंच गया। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना में गोली लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रहलाद यादव और रामकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राम सहाय और घनश्याम यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया गया कि घटना की सूचना शनिवार दोपहर करीब 2:20 बजे ग्राम प्रधान ने मेंहदावल थाने को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी।

लापरवाही पर DIG संजीव त्यागी की बड़ी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही का मामला सामने आने पर बस्ती परिक्षेत्र के डीआईजी संजीव त्यागी ने सख्त कार्रवाई की। उनके आदेश पर मेंहदावल थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबित पुलिसकर्मियों में शामिल हैं—

  1. राकेश सिंह – प्रभारी निरीक्षक, थाना मेंहदावल।
  2. ओमप्रकाश यादव – निरीक्षक अपराध।
  3. योगेश राय – उपनिरीक्षक एवं हल्का प्रभारी।
  4. मुरली मनोहर – मुख्य आरक्षी।
  5. अंकेश यादव – आरक्षी।

गांव में पुलिस बल तैनात, जांच में जुटी पुलिस

दो लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *