बस्ती में 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान दिवस,मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम जांचने का मिलेगा मौका…….

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम जांचने का मिलेगा मौका, युवाओं व महिलाओं पर विशेष जोर

बस्ती, 20 नवंबर 2026.

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद बस्ती में 21 और 22 नवंबर (शनिवार एवं रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे, ताकि नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकें और आवश्यकतानुसार पंजीकरण अथवा संशोधन करा सकें।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।

17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची बूथों पर उपलब्ध रहेगी

21 और 22 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक बूथ पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। इसके साथ ही बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, जिससे पात्र नागरिकों को पंजीकरण और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिल सकेगी।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान और आवेदन भरने में सहयोग के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी। किसी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवसों में अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें। सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं, जबकि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने विशेष रूप से पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों, युवाओं और महिलाओं से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। जनपदवासियों से मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *