Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

कासगंज पुलिस की साप्ताहिक परेड का एसपी ओपी सिंह ने किया निरीक्षण, अनुशासन और फिटनेस पर दिया जोर
कासगंज, 20 नवंबर 2026.
रिजर्व पुलिस लाइन कासगंज में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने निरीक्षण किया। परेड का मानप्रणाम स्वीकार करने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के अनुशासन, वर्दी, टर्नआउट और शारीरिक दक्षता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, चुस्त-दुरुस्त और ड्यूटी के प्रति तत्पर बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ तथा विभिन्न शारीरिक व्यायाम कराए गए। इसके साथ ही अनुशासन, एकरूपता और टीम भावना को मजबूत बनाने के लिए ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।
परेड में पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों, पुलिस लाइन के जवानों तथा विभिन्न कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सुथरी वर्दी पहनने, बेहतर टर्नआउट बनाए रखने तथा परेड और प्रशिक्षण गतिविधियों में नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण, आवासीय एवं बैरक व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने तथा आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने को कहा।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन दुर्गेश कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक सुभाष सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS