
जी.पी. दुबे
97210 711 75
बाराबंकी: मादक पदार्थ तस्करी में तीन महिलाएं गिरफ्तार, 75 लाख की स्मैक बरामद
बाराबंकी, 31 दिसंबर 2024।
बाराबंकी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रामसनेहीघाट थाना पुलिस ने एक महीने के भीतर कोटवा क्षेत्र में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के पास से 750 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 5,170 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
शातिर महिला तस्करों की पहचान और इतिहास
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान –
- मीना पत्नी जय प्रकाश पाठक उर्फ किन्नी
- रोशनी पत्नी शिवम पाठक
- कुमारी शिवानी पुत्री जय प्रकाश पाठक
ये तीनों महिलाएं कोटवा सड़क, थाना रामसनेहीघाट की निवासी हैं। जांच में खुलासा हुआ कि इनका परिवार पहले से ही मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है।
मीना का पति जय प्रकाश पाठक उर्फ किन्नी और बेटा शिवम पाठक पहले से ही मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में 10-10 साल की सजा काट रहे हैं।
दूसरा बेटा सत्यम पाठक भी वर्तमान में इसी अपराध के आरोप में बाराबंकी जेल में बंद है।
तस्करी का तरीका और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार महिलाएं दिवाकर नामक व्यक्ति से अवैध स्मैक खरीदती थीं और घर की खिड़की के माध्यम से ग्राहकों को बेचती थीं। मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की सराहना और बयान
एसीपी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया:
“थाना प्रभारी रामसनेहीघाट की टीम ने अत्यंत सराहनीय कार्य किया है। एक महिला, उसकी बेटी और उसकी बहू को मादक पदार्थों की बिक्री करते हुए पकड़ा गया है। महिला का पति और बेटा पहले से ही जेल में हैं। महिला ने बताया कि उसका पूरा परिवार इस अवैध गोरखधंधे में संलिप्त था।”
पुलिस का अभियान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी रहेगा।
- NGV PRAKASH NEWS


