
जी.पी. दुबे
97210 711 75
72 वर्षीय महिला के साथ दरिंदगी: अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के बाद सिर काटकर शव गाड़ा गया
भागलपुर, 3 जनवरी 2025 | NGV PRAKASH NEWS
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 72 वर्षीय वृद्ध महिला के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। अपराधियों ने महिला का सिर काटकर उसके शव को बांका जिले के बेलहर क्षेत्र में नदी किनारे गाड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार
पिछले दिनों सुल्तानगंज से जमुई जाते समय वृद्ध महिला के लापता होने की शिकायत परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर बेलहर से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार सुबह नदी किनारे बालू में गड़े महिला के शव को बरामद किया। हालांकि, शव का सिर गायब था, जिसे अपराधियों ने कहीं और ठिकाने लगाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर और बेलहर पुलिस की संयुक्त टीम, डीएसपी चंद्रभूषण और राजकिशोर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस ने सिर की तलाश के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में कबूल किया कि महिला को भरोसे में लेकर अगवा किया गया था। इसके बाद उसे नदी किनारे ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और हत्या कर सिर काटकर शव को दफना दिया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित महिला का रिश्तेदार है, जिसने विश्वासघात कर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
इस नृशंस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

