आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरित किया गया नियुक्ति पत्र; वेतन वृद्धि के साथ 5 लाख कैशलेस इलाज की भी सुविधा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया सम्मान

बस्ती, 08 सितंबर 2026।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या में मंगलवार को नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के बहुउद्देशीय हाल में किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं अन्य उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को देखा और सुना।

जनपद स्तर पर विधायक हर्रैया अजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख यशकान्त सिंह, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह ने संयुक्त रूप से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, पंचायत सचिवों, मुख्य सेविकाओं, सुपोषित बच्चों एवं उनके परिवारों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक हर्रैया अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निरंतर जनहित में कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ब्लॉक प्रमुख यशकान्त सिंह ने कहा कि कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने की दिशा में कार्य करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *