
गोरखपुर: महिला ने बच्चों संग ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, गांव में सन्नाटा
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दिल दहला देने वाली घटना हुई। डोहरिया बाजार की रहने वाली पूजा (35) अपने आठ साल के बेटे अमन और पांच साल की बेटी राधा के साथ घर से निकली थी। बच्चों को साइकिल दिलाने का झांसा देकर वह मानीराम रेलवे पुल के पास पहुंची और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पूजा की सास बुटका देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। उन्होंने बताया कि अगर उन्हें पता होता कि बहू ऐसा कदम उठाने जा रही है, तो वे उसे कभी जाने नहीं देतीं। पूजा के ससुर नारायण ने बताया कि सोमवार को पूजा ने पैसों की जरूरत बताई थी, जिसके बाद उन्होंने उसे 600 रुपये दिए थे।
पति हैदराबाद में करता था काम
पूजा के पति डबलू हैदराबाद में कारपेंटर का काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने घर आने के लिए फोन पर कहा, लेकिन इसके बाद उनका फोन नहीं मिला। परिवार में शोक का माहौल है, वहीं पूजा के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। चिलुआताल थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है। हालांकि, सास-ससुर खुदकुशी की वजह के बारे में कुछ भी कहने में असमर्थ हैं |
NGV PRAKASH NEWS

