
बैन के बाद चीन के 36 एप्स की भारत में वापसी, लेकिन टिकटॉक अब भी बाहर
नई दिल्ली, 12 फरवरी 2025.
साल 2020 में सुरक्षा कारणों से भारत में बैन किए गए कई चीनी एप्स एक बार फिर एप स्टोर और प्ले स्टोर पर वापसी कर रहे हैं। गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद सरकार ने 200 से अधिक एप्स पर प्रतिबंध लगाया था। अब जबकि दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं, 36 एप्स एक नए रूप और नाम के साथ भारत में लौट आए हैं। हालांकि, लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो एप टिकटॉक अब भी इस लिस्ट से बाहर है।
36 चीनी एप्स की वापसी, कुछ ने बदला नाम और लोगो
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बैन किए गए 200 से अधिक एप्स में से 36 एप्स अब भारत में फिर से उपलब्ध हो गए हैं। इनमें से कुछ ने अपना नाम और लोगो बरकरार रखा है, जबकि कुछ ने अपनी पहचान बदलकर वापसी की है। ये एप्स गेमिंग, कंटेंट क्रिएशन, एंटरटेनमेंट, फाइल शेयरिंग और शॉपिंग जैसी कैटेगरीज में आते हैं।
ये पॉपुलर चीनी एप्स कर चुके हैं वापसी
- Xender (फाइल-शेयरिंग): अब एपल स्टोर पर ‘Xender: File Share, Share Music’ नाम से उपलब्ध है, लेकिन गूगल प्ले स्टोर से अभी भी गायब है।
- Youku (स्ट्रीमिंग): थोड़ा बदला हुआ नाम, लेकिन ओवरऑल एप वही पुराना है।
- Taobao (शॉपिंग): अब ‘Mobile Taobao’ के नाम से लिस्टेड है।
- Tantan (डेटिंग): इसे ‘TanTan – Asian Dating App’ के रूप में रीब्रांड किया गया है।
- MangoTV (स्ट्रीमिंग): बिना किसी बदलाव के वापस आ गया है।
- Shein (फैशन): Reliance के साथ लाइसेंसिंग डील के जरिए भारत में दोबारा एंट्री कर चुका है।
PUBG बार-बार नाम बदलकर आता रहा
लोकप्रिय गेम PUBG Mobile को भी 2020 में बैन कर दिया गया था। इसके बाद 2021 में यह Battlegrounds Mobile India (BGMI) के नाम से लौटा, फिर 2022 में दोबारा बैन हुआ। सिक्योरिटी नियमों को पूरा करने के बाद 2023 में इसे फिर से बहाल कर दिया गया।
चीनी एप्स कैसे कर रहे वापसी?
रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 13 एप्स चीनी कंपनियों द्वारा, 8 भारतीय कंपनियों द्वारा, 3 सिंगापुर, 2 वियतनाम और 1-1 साउथ कोरिया, सेशेल्स, जापान और बांग्लादेश की कंपनियों द्वारा डेवलप किए गए हैं। कई एप्स ने मालिकाना हक बदलकर या भारतीय कानूनों के अनुसार डेटा स्टोर करके वापसी की है।
भारत-चीन संबंधों में सुधार का असर?
चीनी एप्स की वापसी ऐसे समय हो रही है जब भारत और चीन सीमा विवाद के बाद संबंध सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन यह साफ है कि भारत में चीनी एप्स की वापसी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है।
NGV PRAKASH NEWS

