
बिहार के आरा में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर मौत
आरा, 21 फरवरी 2025
भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज के नजदीक शुक्रवार की अहले सुबह प्रयागराज से लौट रही एक कार पीछे से कंटेनर में घुस गई। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और बेटे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक पटना जिले के निवासी थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहत एवं बचाव कार्य के तहत जेसीबी की मदद से कार को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया।
सभी मृतक पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र समेत अन्य स्थानों के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य और उनके करीबी रिश्तेदार शामिल थे। हादसा तड़के करीब तीन बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। सभी मृतक कुंभ स्नान कर घर लौट रहे थे।
कुंभ स्नान से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के सुदामा कॉलोनी निवासी संजय कुमार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ 19 फरवरी की रात दो अलग-अलग गाड़ियों से प्रयागराज गए थे। कुल 12 से 13 लोग स्कॉर्पियो और बलेनो कार में सवार थे।
गुरुवार की रात सभी लोग प्रयागराज से स्नान कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार आरा-मोहनिया हाईवे पर दुल्हिनगंज के समीप सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसी। इस दुर्घटना में कार में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार को संजय कुमार के पुत्र लाल बाबू चला रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
हादसे में मृत लोगों की सूची:
- संजय कुमार (62 वर्ष), पिता – स्व. विशुन देव प्रसाद, निवासी – जक्कनपुर, सुदामा कॉलोनी, पटना।
- करुणा देवी (58 वर्ष), पति – संजय कुमार।
- लाल बाबू सिंह (25 वर्ष), पिता – संजय कुमार।
- प्रियम कुमारी (20 वर्ष), पिता – कौशलेंद्र कुमार।
- आशा किरण (28 वर्ष), पिता – आनंद सिंह, निवासी – कुम्हरार, पटना।
- जूही रानी (25 वर्ष), पिता – चंद्रभूषण प्रसाद, निवासी – कड़रा, थाना घोसवरी, मोकामा, जिला पटना।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजन
हादसे की सूचना मिलते ही पटना से आरा पहुंचे मृतकों के परिजन सदमे में थे। संजय कुमार के बहनोई पप्पू कुमार, जो दूसरी स्कॉर्पियो में सवार थे, ने बताया कि उनकी गाड़ी पटना के करीब पहुंच गई थी, जबकि बलेनो कार पीछे थी। हादसे की सूचना मिलते ही वे तुरंत वापस आरा लौटे।
दुर्घटना के बाद सदर अस्पताल, आरा में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे अस्पताल परिसर में मातम पसरा हुआ था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया।
NGV PRAKASH NEWS
