

गंगा में वॉलीबॉल खेलते समय हादसा: 8 युवक डूबे, 4 की मौत, 1 लापता
पटना, 27 फरवरी 2025 | पटना के कलेक्ट्रेट घाट पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। गंगा नदी में वॉलीबॉल खेलते समय 8 युवक गहरे पानी में चले गए, जिनमें से 4 की मौत हो गई, 3 को नाविकों ने बचा लिया, जबकि 13 वर्षीय रेहान अब भी लापता है। SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
खेल-खेल में मौत के मुंह में समा गए युवा
हादसा तब हुआ जब कुछ युवक टिन के डिब्बे से वॉलीबॉल बनाकर नदी में खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई, लेकिन जब तक बचाव कार्य शुरू होता, तब तक 4 युवाओं की जिंदगी गंगा की लहरों में समा चुकी थी।
कोचिंग की तैयारी छोड़ काल के गाल में समाए छात्र
मृतकों की पहचान विशाल, रजनीश, अभिषेक और गोविंद के रूप में हुई है। वहीं, बचाए गए युवकों में सचिन, आशीष और नितिन शामिल हैं। इन युवाओं का पटना कॉलेज के पास यादव लेन स्थित कृष्णा निवास लॉज में ठिकाना था, जहां वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। विशाल एयरफोर्स, अभिषेक SSC और रजनीश दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि उनके होनहार बेटे अचानक काल के गाल में समा गए।
रेहान की तलाश जारी, परिजनों की टूटी उम्मीदें
घटना के बाद स्थानीय नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और SDRF को सूचना दी। SDRF ने 7 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद विशाल का शव बरामद हुआ, लेकिन 13 वर्षीय रेहान अब भी लापता है। परिजन और स्थानीय लोग उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
पटना में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस हादसे ने प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। यदि समय रहते बचाव दल पहुंच जाता, तो कुछ और जिंदगियां बच सकती थीं। प्रशासन को चाहिए कि गंगा में स्नान और खेलकूद के दौरान सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
NGV PRAKASH NEWS

