
अयोध्या में सुहागरात की रात मौत : एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
अयोध्या, 9 मार्च 2025
सपनों से सजी पहली रात और नई जिंदगी की शुरुआत… लेकिन अयोध्या में यह रात मातम में बदल गई। सुहागरात पर दूल्हा और दुल्हन दोनों की मौत हो गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जब सुबह तक कोई हलचल नहीं हुई तो परिवारवालों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया, और जो दृश्य सामने था, उसने सभी को झकझोर दिया।
बिस्तर पर दुल्हन शिवानी की लाश थी, और पंखे से लटके हुए थे दूल्हे प्रदीप। परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। रविवार की शाम, इसी घर में जहां कुछ घंटे पहले जश्न की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब दोनों की एक साथ चिता जल रही थी।
चार घंटे में क्या हुआ, कोई नहीं जानता
शादी 7 मार्च को हुई थी, और 8 मार्च को विदाई के बाद शिवानी ससुराल आई थी। 9 मार्च को रिसेप्शन था, लेकिन उससे पहले यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दूल्हे के भाई दीपक के मुताबिक, शादी में सब कुछ ठीक था। घर की महिलाएं रात 11 बजे तक गीत गाकर खुशियां मना रही थीं। इसके बाद भाई और भाभी अपने कमरे में चले गए। सुबह जब उठने का समय हुआ तो दरवाजा नहीं खुला।
लड़की के पिता मंतू राम ने कहा, “जब बेटी को विदा किया था, तब वह खुश थी। फिर कुछ ही घंटों में ऐसा क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता।”
सुसाइड या हत्या? पुलिस जांच में जुटी
कमरा अंदर से बंद था, जिससे मामला सुसाइड का लग रहा है। हालांकि, पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया और तीन संभावित एंगल पर जांच कर रही है—
- सुहागरात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में दूल्हे ने दुल्हन की हत्या कर दी, फिर खुद को फांसी लगा ली।
- दोनों के बीच कोई विवाद हुआ और दोनों ने आत्महत्या कर ली।
- हत्या की आशंका भी खारिज नहीं की जा सकती, इसलिए पुलिस परिवार के हर सदस्य से पूछताछ कर रही है।
“पता नहीं ईश्वर को क्या मंजूर था” – सांसद पहुंचे घर
घटना की खबर मिलते ही सपा सांसद अवधेश प्रसाद शोक जताने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। पता नहीं ईश्वर को क्या मंजूर था। परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।”
SSP राज करण नैय्यर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
माँ बेसुध, घर में मातम
बेटे और बहू की एक साथ मौत की खबर सुनकर मां गश खाकर गिर पड़ीं। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जो घर एक दिन पहले तक शादी की खुशियों से गूंज रहा था, वहां अब सिर्फ चीखें और सन्नाटा है।
अयोध्या की इस त्रासदी ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सवाल अभी भी अनसुलझे हैं—आखिर सुहागरात पर ऐसा क्या हुआ, जिसने दो जिंदगियां लील लीं?
NGV PRAKASH NEWS

