
Amazon-Flipkart के गोदामों पर छापा, नकली ISI लेबल वाले हजारों प्रोडक्ट जब्त
नई दिल्ली: उपभोक्ताओं को घटिया और गैर-मानक उत्पादों से बचाने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने कड़ी कार्रवाई की है। BIS ने Amazon और Flipkart के गोदामों पर छापा मारकर 3,500 से अधिक नकली ISI लेबल वाले प्रोडक्ट जब्त किए हैं, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग 70 लाख रुपये बताया जा रहा है।
15 घंटे तक चला छापा, 3,500 से अधिक प्रोडक्ट जब्त
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, 19 मार्च को दिल्ली के मोहन को-ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित Amazon Sellers Private Limited के गोदाम में 15 घंटे तक तलाशी अभियान चला। इस दौरान गीजर, फूड मिक्सर और अन्य बिजली के उपकरण जब्त किए गए, जिन पर या तो ISI मार्क नहीं था या नकली लेबल लगे थे।
Flipkart के गोदाम से 6 लाख रुपये के जूते जब्त
BIS की टीम ने दिल्ली के त्रिनगर स्थित Flipkart की सहायक कंपनी Instakart Services Private Limited के गोदाम में भी छापा मारा। वहां स्पोर्ट्स फुटवियर के स्टॉक का पता चला, जिनमें ISI मार्क और मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं थी। इस कार्रवाई में करीब 590 जोड़ी जूते जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये है।
देशभर में BIS की सख्त कार्रवाई जारी
BIS ने पिछले एक महीने में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, लखनऊ और श्रीपेरंबदूर में भी इसी तरह की छापेमारी की है। इन अभियानों के तहत अवैध और घटिया उत्पादों की बड़ी खेप जब्त की गई।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कड़ी सजा
भारत सरकार ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 769 उत्पादों के लिए अनिवार्य प्रमाणन लागू किया है। BIS अधिनियम, 2016 के तहत बिना वैध लाइसेंस या अनुपालन प्रमाणपत्र के किसी भी उत्पाद का निर्माण, आयात, वितरण, बिक्री, किराए पर देना, स्टोरेज या डिस्प्ले करना अपराध है। इस नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना, कारावास या दोनों का दंड हो सकता है।
यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को ठगी और घटिया उत्पादों से बचाने के लिए BIS की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे में ग्राहकों को भी ऑनलाइन शॉपिंग करते समय ISI मार्क वाले प्रमाणित उत्पाद ही खरीदने की सलाह दी जाती है।
NGV PRAKASH NEWS


