
‘किसी भी आतंकी हमले को युद्ध माना जाएगा’ — पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच मोदी सरकार का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली 10 मई 25.
भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में यदि भारत पर कोई आतंकी हमला होता है, तो उसे सीधे तौर पर ‘युद्ध की कार्रवाई’ माना जाएगा। इसके अनुसार ही भारत की प्रतिक्रिया भी तय की जाएगी। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव अपने चरम पर है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से पिछले कुछ दिनों में लगातार मिसाइलें और ड्रोन भारतीय सीमा में भेजे जा रहे हैं। बुधवार रात से शुरू हुए इन हमलों में कई बार भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन भारतीय सेना ने हर बार तगड़ा जवाब दिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर चल रही उच्च स्तरीय बैठकें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में पिछले कुछ दिनों से लगातार उच्चस्तरीय बैठकें हो रही हैं। शनिवार को 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई अहम बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे। बैठक में पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रहे सैन्य और आतंकवादी उकसावे पर चर्चा की गई और भविष्य की रणनीति तय की गई।
भारत का बदला हुआ रुख — ‘नई नीति, सख्त प्रतिक्रिया’
विश्लेषकों के अनुसार, यह फैसला भारत की रक्षा और विदेश नीति में एक बड़ा बदलाव है। पहले आतंकी हमलों को केवल सुरक्षा चुनौती माना जाता था, लेकिन अब इन्हें सीधा राष्ट्र पर हमला माना जाएगा। इससे भारत को न केवल अंतरराष्ट्रीय मंच पर कड़ा रुख अपनाने की वैधता मिलेगी, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का भी मार्ग प्रशस्त होगा।
👉भारत का यह रुख उन तमाम आतंकी
संगठनों के लिए कड़ा संदेश है जो पाकिस्तान की सरजमीं से संचालित होते हैं और भारत को अस्थिर करने की कोशिश करते हैं।
भारत की ओर से लिया गया यह फैसला उसकी ‘जीरो टॉलरेंस फॉर टेररिज्म’ नीति को और अधिक स्पष्ट करता है। आने वाले समय में यदि कोई आतंकी हमला होता है, तो भारत की प्रतिक्रिया सीमित नहीं, बल्कि व्यापक और निर्णायक हो सकती है।
NGV PRAKASH NEWS

