नगर पंचायत नगर बाजार और आरोग्य मंदिर में उपलब्ध सुविधाओं की कमी पर जिलाधिकारी नें जताई नाराजगी

जिलाधिकारी ने बहादुरपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर और नगर बाजार नगर पंचायत का किया औचक निरीक्षण

बस्ती, 10 मई 2025.
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने शनिवार को विकास खंड हरैया के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर नगर बाजार तथा आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली की हकीकत जानना था।

👉आरोग्य मंदिर में मरीजों की संख्या और टेली कंसल्टेशन पर नजर
जिलाधिकारी ने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या, टेली कंसल्टेशन की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, ड्यूटी टाइमिंग आदि का गहन निरीक्षण किया। सीएचओ रामवृक्ष से हुई बातचीत में उन्होंने जाना कि शुक्रवार को 17 मरीज ओपीडी में आए थे, जबकि 27 मरीजों का टेली कंसल्टेशन के माध्यम से वरिष्ठ चिकित्सकों से इलाज करवाया गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में त्वरित निदान सुनिश्चित किया जाए, और यदि दवाएं उपलब्ध नहीं हों तो समय रहते जिला मुख्यालय से मांग की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

👉नगर पंचायत निरीक्षण में मिली कर्मियों की उपस्थिति, पर सुविधाओं की कमी उजागर
आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार में निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। लिपिक,कलेक्टर नन्दलाल मिश्रा की सेवा पुस्तिका की भी जांच की गई।

हालांकि, नगर पंचायत में कैटल कैचर की अनुपलब्धता सामने आई, जिसके संबंध में अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा, एम.आर.एफ. सेंटर और नवनिर्मित कार्यालय भवन का अभी तक हस्तांतरण नहीं हो सका है, क्योंकि उनमें बिजली कनेक्शन नहीं है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नगर पंचायत के मार्केट परिसर में वॉटर टैंक रखवाया जाए, और अधिशासी अभियंता से संपर्क कर जल्द से जल्द विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित कर भवनों का हस्तांतरण कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारीगण मौके पर मौजूद रहे और जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *