ससुर ने बहु को नींद की दवा पिलाकर किया दुष्कर्म : उसके बाद दुपट्टे से..

NGV PRAKASH NEWS


ससुर ने बहू से किया दुष्कर्म, फिर गला घोंटकर हत्या — पति और सास भी षड्यंत्र में शामिल

फरीदाबाद, 26 जून 2025।
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित रोशन नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की जांच में सामने आया कि एक युवती की न केवल हत्या की गई बल्कि उससे पहले उसके ससुर ने दुष्कर्म भी किया। इस जघन्य अपराध में पति और सास की भी मिलीभगत पाई गई है। पुलिस ने आरोपी सास सोनिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति अरुण सिंह फरार है।

मृतका की पहचान 28 वर्षीय तनू के रूप में हुई है। 20 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि रोशन नगर गली नंबर 1 में एक मकान के सामने 10 फुट गहरे गड्ढे में एक महिला का सड़ा-गला शव दबा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की और तनू के ससुर भूप सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में भूप सिंह ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

क्राइम ब्रांच की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश 15 अप्रैल को ही रच ली गई थी। ससुर भूप सिंह, सास सोनिया और पति अरुण सिंह ने तनू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। एसीपी क्राइम अमन यादव के मुताबिक, 21 अप्रैल की रात भूप सिंह ने तनू को गन्ने के जूस में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाईं। जब तनू बेहोश हो गई, तो उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के सामने बने गड्ढे में दफना दिया।

हत्या के बाद पति अरुण ने 23 अप्रैल को पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट पल्ला थाने में दर्ज कराई और उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मगर तनू के मायके वालों को शक हुआ और उन्होंने खुद जांच-पड़ताल शुरू की। पड़ोसियों से बातचीत और मिले सुरागों ने मामले का सच सामने ला दिया।

पुलिस पर भी उठे सवाल

मृतका के परिजनों ने पल्ला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने शुरू में गुमशुदगी की रिपोर्ट को गंभीरता से लिया होता और तत्काल कार्रवाई की होती, तो तनू की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, भूप सिंह ने रिमांड पर पूछताछ के दौरान बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला तलाक तक पहुंच चुका था। इसी वजह से तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस की टीमें अब फरार पति अरुण सिंह की तलाश में दबिश दे रही हैं। साथ ही ननद काजल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह घटना न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे समाज के लिए शर्मनाक है और यह दर्शाती है कि घरेलू हिंसा और पारिवारिक कलह किस हद तक अमानवीय रूप ले सकती है।

👉 NGV PRAKASH NEWS आपके लिए ऐसी ही गंभीर घटनाओं की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाता रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *