

अलवर में ठगी का बड़ा खुलासा: रकम 5 गुना करने के नाम पर मनोरंजन बैंक के नकली नोटों से 1 करोड़ की ठगी, तीन गिरफ्तार
अलवर, 13 जुलाई 2025।
राजस्थान के अलवर जिले में ठगी के एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को उनकी जमा रकम को कुछ ही समय में पांच गुना करने का लालच देता था और बदले में उन्हें मनोरंजन बैंक के नकली नोट थमा कर करोड़ों की ठगी कर रहा था। वैशाली नगर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह और सीओ शहर अंगद शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। थाना अधिकारी गुरुदत्त सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
- प्रकाश चंद जाटव, पुत्र रूपचंद (35 वर्ष), निवासी नई बस्ती दिवाकरी
- नवीन कुमार जाटव, पुत्र प्यारेलाल (24 वर्ष), निवासी गांव भनोखर, हाल निवासी कैमाला, थाना वैशाली नगर
- जमशेद उर्फ जम्मा मेव, पुत्र मोहम्मदा (43 वर्ष), निवासी तेसती, थाना सीकरी, जिला डीग
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह लोगों को झांसे में लेकर असली नोटों के बदले नकली नोटों की गड्डियां दे देता था। ये नोट 100, 200, 500 और 2000 के मूल्यों में थे, जिन पर “भारतीय मनोरंजन बैंक” छपा हुआ था। पहली नजर में ये नकली नोट असली जैसे दिखते हैं, लेकिन इनकी कोई वैधता नहीं होती। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 185 नकली नोटों की गड्डियां बरामद की गई हैं, जिनका कुल मूल्य करीब 1 करोड़ रुपये आंका गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने एक मुनीम से ढाई लाख रुपये भी छीन लिए थे, जिसे वे पांच गुना करने का लालच देकर अपने जाल में फंसा चुके थे।
इस सफलता में वैशाली नगर थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी, हेड कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल रिजवान, शेखर, गोविंद और शशिकांत की भूमिका अहम रही।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
