कांवरियों के प्रमुख पड़ाव फुटैहिया की टूटी सड़क एवं नाली का ढक्कन प्रशासन की तैयारी की खोल रहे पोल..

Gyan Prakash Dubey

श्रावण मास की तैयारी में चूक: बस्ती के फुटैहिया जो रही की हालात बदतर

15 जुलाई 2025, बस्ती।

श्रावण मास के आरंभ में अब चंद दिन ही बचे हैं। अयोध्या की पवित्र सरयू नदी से जल भरकर लाखों कांवरिया हर वर्ष की भांति इस बार भी बस्ती जिले के ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल भदेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यह धार्मिक यात्रा ना केवल भक्ति, आस्था और विश्वास का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्रीय व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारी की भी परीक्षा होती है।

हर वर्ष जलाभिषेक से दो-तीन दिन पहले से ही कांवरियों का भारी जमावड़ा फुटैहिया और अमहट घाट पर देखने को मिलता है। यही घाट कांवरियों के प्रवेश द्वार और विश्राम स्थल भी बन जाते हैं। किंतु इस बार की तैयारियों की असलियत कुछ और ही बयां कर रही है।

बस्ती प्रशासन द्वारा मार्गों की सफाई, अवरोध हटाने और यातायात नियंत्रण को लेकर ज़ोरशोर से दावे किए जा रहे हैं। अर्जुन मार्ग सहित कई जगहों पर मरम्मत कार्य भी तेज़ी से चल रहे हैं। लेकिन, हकीकत में फुटैहिया चौराहा, जो इस यात्रा का प्रमुख पड़ाव है, बदहाली की मार झेल रहा है।

फुटैहिया में जगह-जगह सड़कें टूटी पड़ी हैं, नालियों के ढक्कन टूटे हुए हैं, और कई स्थानों पर तो गंदा पानी सड़कों पर बहता दिख रहा है। इन हालातों में ना केवल कांवरियों की यात्रा कठिन होगी, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने भी इस बात पर चिंता जताई है कि हर साल लाखों कांवरियों की आवाजाही वाले इस इलाके को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन की ओर से किए गए वादों और धरातल की स्थिति में फर्क साफ तौर पर देखा जा सकता है।

अब जबकि कांवड़ यात्रा बस आरंभ ही होने वाली है, ज़रूरत इस बात की है कि बस्ती प्रशासन फुटैहिया घाट सहित सभी प्रमुख मार्गों और पड़ाव स्थलों पर तत्काल प्रभाव से सुधार कार्य को अंजाम दे, ताकि आस्था के इस महासंगम में किसी प्रकार की असुविधा कांवरियों को न झेलनी पड़े।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *