

औरैया में बड़ा खुलासा: लिफाफा जेब में रखते कैमरे में कैद हुए SDM, पद से हटाए गए
औरैया, 20 अगस्त 2025
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में उप जिलाधिकारी (SDM) सदर राकेश कुमार सिंह एक वायरल वीडियो के बाद विवादों में घिर गए हैं। इस वीडियो में वह अपने दफ्तर में मेज पर रखा लिफाफा उठाकर जेब में रखते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सीधे उनके कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ और किसी कर्मचारी ने इसे बाहर निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंडी सचिव लिफाफा डेस्क की रैक पर रखकर हाथ जोड़ते हुए बाहर निकलते हैं। इसके कुछ ही क्षण बाद SDM राकेश कुमार सिंह उस लिफाफे को सहजता से उठाकर जेब में रख लेते हैं। फुटेज सामने आने के बाद जिले में हड़कंप मच गया और इस ‘लिफाफा गेम’ पर कर्मचारियों की अंदरूनी चर्चाओं ने प्रशासन की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डीएम का त्वरित एक्शन
जैसे ही मामला सुर्खियों में आया, जिला अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए SDM राकेश कुमार सिंह को पदमुक्त कर दिया। इस मामले की जांच का जिम्मा एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य को सौंपा गया है। साथ ही, नए एसडीएम सदर के रूप में अजय आनंद की नियुक्ति कर दी गई है।
विवादित कार्यशैली पर पहले भी रही चर्चा
सूत्रों के अनुसार, राकेश कुमार सिंह पहले भी कई बार विवादों में घिरे रह चुके हैं। बताया जाता है कि वे छुट्टियों में भी न्यायालय लगाकर आदेश पारित करने जैसी कार्यशैली के कारण चर्चा में रहते थे। इस वीडियो ने उनकी छवि पर अंतिम चोट कर दी है।
जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल
सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के बीच दफ्तर में खुलेआम हुई इस ‘लिफाफा बाज़ी’ ने नौकरशाही की पारदर्शिता और ईमानदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक हलकों में भी इस घटना को लेकर खामोशी छाई हुई है और कोई अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि इस लिफाफे में क्या था और इसके पीछे की मंशा क्या थी।
NGV PRAKASH NEWS
