यहाँ पिता ने ही बेटे और बहु को मार दी गोली…

NGV PRAKASH NEWS

भोकरहेड़ी में पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट, बहू को भी मारी गोली — संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला

भोकरहेड़ी (उत्तर प्रदेश), 24 अक्टूबर 2025

भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पिता ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही बेटे को गोली मार दी। इस घटना में बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान बृजवीर सुबह अपने बेटे रोबिन उर्फ जॉनी (40) के साथ घर पर बैठा था। किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में बृजवीर ने घर में रखी लाइसेंसी बंदूक उठा ली और बेटे पर दो गोलियां दाग दीं।

पहली गोली रोबिन के पेट में जा लगी, जबकि दूसरी गोली उसकी पत्नी रविता के हाथ में जा लगी, जब वह पति को बचाने दौड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने रोबिन को मेरठ रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रविता का उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी बृजवीर पड़ोसी के घर जाकर छिप गया, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिता-पुत्र के बीच पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि बात इतनी बढ़ जाएगी कि खून-खराबे तक पहुंच जाएगी।

— NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *