NGV PRAKASH NEWS


फर्रुखाबाद: भांवरें पड़ने के बाद दुल्हन ने दूल्हे संग जाने से इनकार, थाने में घंटों चली समझौते की कोशिश
फर्रुखाबाद, 23 नवंबर 2025
फर्रुखाबाद के नवाबगंज में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद भी दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों को थाने तक पहुंचना पड़ा, जहां घंटों समझाने-बुझाने का दौर चला, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः दूल्हा बिना दुल्हन के ही लौट गया।
सूत्रों के मुताबिक, नवाबगंज के एक मोहल्ले में शुक्रवार को एटा जिले के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र से बरात आई थी। बैंडबाजे के साथ द्वारचार और वरमाला की रस्में पूरी हुईं। शनिवार तड़के भांवरें भी संपन्न हो गईं। लेकिन कलेवा के समय एक विवाद खड़ा हो गया। दूल्हे के कूल्हे में चोट होने के कारण वह चारपाई पर नहीं बैठ पाया और कुर्सी पर बैठ गया। इस पर दुल्हन की मामी ने नाराजगी जताई और चारपाई पर बैठने की जिद करती रहीं।
दूल्हे के पिता का कहना था कि उनके बेटे को कूल्हे में चोट लगी है, इसलिए उसके लिए चारपाई पर बैठना संभव नहीं था। इसी बात पर दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई। विवाद बढ़ने पर कन्या पक्ष समारोह स्थल से सामान समेटकर अपने घर लौट गया। इसके बाद दुल्हन ने भी स्पष्ट कर दिया कि वह दूल्हे के साथ नहीं जाएगी।
तनातनी बढ़ने पर मामला थाने पहुंचा। थाने में दूल्हा लगातार रोता रहा, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, पर दुल्हन राजी नहीं हुई। आखिरकार समझौते के बाद कन्या पक्ष ने वर पक्ष को दिए गए जेवर वापस कर दिए।
थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई। विवाद शांत होने के बाद वर पक्ष बिना दुल्हन के अपने गांव लौट गया।
NGV PRAKASH NEWS
