Gyan Prakash Dubey


फुटहिया ओवरब्रिज के नीचे गन्ना लदा ट्राला पलटा, ई-रिक्शा दबा; दो की मौत


बस्ती, 3 दिसंबर 2025।
नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया ओवरब्रिज के नीचे आज दोपहर बाद को बड़ा हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार में आ रहा गन्ना लदा ट्राला अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। हादसे में नीचे खड़ा एक ई-रिक्शा उसकी चपेट में आ गया और चार लोग गन्ने के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मिलकर गन्ना हटाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी चार घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से घायल दंपति को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान भगवान दिन (70 वर्ष) और उनकी पत्नी सोना देवी (65 वर्ष), निवासी सकरावल रसूलपुर अलीगंज, अंबेडकर नगर के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों अपने ससुराल से लौटकर फुटहिया पर उतरे थे और कलवारी की ओर जाने वाली सवारी पकड़ने के लिए खड़े थे। तभी नगर की तरफ से आ रहा ट्राला अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में वे आ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्राला काफी तेज स्पीड में था, जिसके कारण वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा।
दबे हुए ई-रिक्शा की पहचान चंद्रपाल सिंह, पुत्र शिवपूजन सिंह, निवासी मरीपुर थाना नगर बस्ती के वाहन के रूप में हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी फुटहिया सत्येंद्र मौके पर पहुंचे और गन्ना हटाने व घायलों को निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह और थाना अध्यक्ष नगर विश्व मोहन राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया।
सी ओ नें कहा की मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गयी है, उनके आने के बाद उस आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी |
स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर आक्रोश भी दिखाई दिया, उनका कहना था कि गन्ना लदे ट्राले अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
NGV PRAKASH NEWS


