आधी रात को भीषण धमाके से दहला है इलाका: लोगों का सांस लेना भी हो गया मुश्किल…

NGV PRAKASH NEWS

लखनऊ में आधी रात ताबड़तोड़ धमाके, तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग से दहला इलाका | NGV PRAKASH NEWS

लखनऊ। राजधानी के चिनहट क्षेत्र में मंगलवार देर रात मटियारी चौराहे के पास तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। बेसमेंट और भूतल पर किराना व मिठाई की दुकान में लगी आग के बीच लगातार होते धमाकों ने स्थिति को और भयावह बना दिया। रिफाइंड ऑयल के केनों, गैस सिलेंडर और फ्रिज के कंप्रेशर के फटने से तेज धमाके सुनाई दिए, जबकि मिर्च और मसालों की बोरियों में आग लगने से उठे धुएं ने लोगों की सांसें भारी कर दीं।

आग की लपटों के बीच सिलेंडर फटे, दमकलकर्मी हुए परेशान

दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे ही थे कि मिठाई की दुकान में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। उसके बाद फ्रिज का कंप्रेशर और किराना दुकान के रिफाइंड ऑयल के केन भी फटने लगे। धमाकों की तेज आवाज से आसपास के मकानों के लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए। वहीं मिर्च-मसालों की बोरियों के धुएं के कारण दमकलकर्मियों और लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालात बिगड़ते देख एक टीम को ब्रीदिंग अप्रेटस (बीए सेट) पहनाकर मौके पर लगाया गया।

बुजुर्ग व पौत्र को तोड़नी पड़ी खिड़की-दरवाजा, तब बची जान

तीन मंजिला मकान नरेंद्र अवस्थी का बताया जा रहा है। परिवार के सदस्य शादी समारोह में गए थे। दूसरे तल पर मौजूद एक बुजुर्ग और उनके पौत्र आग और धुएं में फंस गए। दमकलकर्मी पड़ोसी के मकान से अवस्थी के छज्जे पर पहुंचे और खिड़की व दरवाजा तोड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

किराना दुकान से भड़की आग, पूरे मकान को लपेट में लिया

मोहल्ले के लोगों के अनुसार देर रात करीब 11:45 बजे सबसे पहले बेसमेंट के किराना स्टोर में आग लगी। देखते ही देखते लपटें भूतल तक फैल गईं और मिठाई की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से भड़कती गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग काबू से बाहर होने लगी।

सूचना मिलते ही गोमतीनगर फायर स्टेशन से एफएसओ सुशील कुमार यादव चार दमकल लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद हजरतगंज और इंदिरानगर से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। देर रात तक आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।

अयोध्या रोड पर भीषण जाम, पुलिस ने कराया डायवर्जन

अग्निकांड के दौरान अयोध्या रोड पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और लंबा जाम लग गया। दमकल की गाड़ियों को पानी लेने जाने में परेशानी हुई तो इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने तत्काल ट्रैफिक डायवर्जन लागू कराया और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया।

दमकल व पुलिस टीमें रात भर आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दुकान और सामान का बड़ा नुकसान होना बताया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *