दरोगा ने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मार किया आत्महत्या: क्या है महिला सिपाही के साथ कनेक्शन..

जालौन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की संदिग्ध मौत, महिला सिपाही पर हत्या का केस दर्ज; जांच के लिए एसआईटी गठित

जालौन, 07 दिसंबर 2025।
जालौन जिले के कुठौंद थाना परिसर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जहां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली उनके सिर के आर-पार हो गई। मामला शुरुआत से ही संदिग्ध रहा, क्योंकि घटना के वक्त महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा उसी कमरे में मौजूद थी और बाद में भागती हुई सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। इसी के चलते अब यह पूरी घटना आत्महत्या के बजाय हत्या के शक की तरफ मुड़ गई है।

कमरे में मौजूद थी महिला सिपाही, चीखकर बाहर आई और फिर भाग गई
सूत्रों के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे के आसपास थाना परिसर में अरुण राय के सरकारी आवास से गोली चलने की आवाज सुनी गई। कुछ ही सेकंड बाद महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा ट्रैक सूट पहने हुए कमरे से बाहर निकली और चिल्लाती हुई बोली—“साहब ने गोली मार ली है।” इसके बाद वह वहां ठहरने की बजाय तुरंत भाग गई।
थाना परिसर के कई सीसीटीवी फुटेज में महिला सिपाही को भागते हुए देखा गया है। पुलिस के अनुसार, सबसे पहले वही इस घटना की सूचना देने पहुंची थी। उसकी भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं।

परिवार का आरोप—यह आत्महत्या नहीं, हत्या है
घटना की सूचना के बाद इंस्पेक्टर अरुण राय का परिवार शनिवार सुबह संत कबीरनगर से जालौन पहुंचा। उनके भतीजे प्रशांत राय ने साफ आरोप लगाया कि अरुण की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि चाचा मानसिक रूप से मजबूत थे और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकते। प्रशांत के अनुसार, उनके चाचा कई लोगों के निशाने पर थे और रंजिश के कारण भी यह घटना हो सकती है।

पत्नी का आरोप—मीनाक्षी ब्लैकमेल करती थी, उसी ने जान ली
इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने पुलिस को बताया कि महिला सिपाही पिछले कई महीनों से अरुण को ब्लैकमेल कर रही थी। उसके पास कुछ आपत्तिजनक वीडियो थे जिनके जरिए वह बार-बार पैसों की मांग कर रही थी।
महिला सिपाही पिछले 10 दिनों से गायब थी, लेकिन उसी दौरान वह अक्सर इंस्पेक्टर के आवास के आसपास देखी जा रही थी।
पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर मीनाक्षी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

घटनाओं की कड़ी—भंडारे और शादी समारोह से लौटे थे इंस्पेक्टर
घटनास्थल की जांच से पता चला कि शुक्रवार शाम अरुण राय एक पंच कुंडीय महायज्ञ के भंडारे में शामिल हुए थे। वहां उनका सम्मान भी हुआ। इसके बाद वह जालौनी माता मंदिर के पुजारी की बेटी के विवाह समारोह में गए।
करीब 9 बजे वह थाने लौटे, पत्नी से फोन पर बात की और कहा—“खा-पी लिया है, अब सोने जा रहा हूं।”
इसके लगभग 30 मिनट बाद गोली चलने की आवाज आई।

थाना परिसर में हड़कंप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गोली चलते ही सिपाही दौड़कर कमरे में पहुंचे। अरुण राय खून से लथपथ बेड पर पड़े मिले। उन्हें उरई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने कमरे, बिस्तर और रिवॉल्वर से जुड़े सबूत जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधारभूत निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएंगे।

महिला सिपाही पर हत्या का केस, एसआईटी जांच शुरू
जालौन एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि अरुण की पत्नी की शिकायत पर महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है और सीन रिक्रिएशन भी कराया जाएगा।

इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय—25 साल की सेवा और बेदाग छवि
मूल रूप से संत कबीरनगर के घनघटा निवासी अरुण कुमार राय का पुलिस करियर 1998 में सिपाही के पद से शुरू हुआ।
2012 में वे दरोगा बने और 2023 में इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोट हुए।
उन्हें ईमानदार, शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी माना जाता था।
उनका एक बेटा अमृतांश है, जो कोटा में NEET की तैयारी कर रहा है।

घटना के बाद थाना परिसर में मातम जैसा माहौल है और पुलिस के साथ-साथ पूरा प्रशासन भी सदमे में है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *