NGV PRAKASH NEWS

केशव मौर्य को लेकर सपा सांसद का पलटवार, कहा — डिप्टी सीएम ही समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं
चंदौली, 12 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। इसी क्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग और तीखी हो गई है। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने केशव मौर्य के उस दावे पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सपा के कई नेता और विधायक भाजपा के संपर्क में हैं।
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में उल्टा दावा करते हुए कहा कि केशव प्रसाद मौर्य ही समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि सिराथू से जुड़े रहने के दौरान केशव मौर्य खुद सपा के संपर्क में रहे हैं। वीरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि केशव मौर्य को पार्टी में लेना है या नहीं, इसका फैसला सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।
वीरेंद्र सिंह ने यह बातें हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में कही, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब कुछ दिन पहले ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन पार्टी किन्हीं कारणों से उन्हें शामिल नहीं कर रही है। उस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में काफी हलचल मची थी।
वीरेंद्र सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने भगवान श्रीराम को भी समाजवादी बताते हुए एक अलग सियासी संदेश देने की कोशिश की, जिस पर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। इस बयानबाजी के बाद सपा और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होता दिख रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन नेताओं के बयान यह संकेत दे रहे हैं कि चुनावी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो चुकी है और आने वाले दिनों में सियासी तल्खी और बढ़ सकती है।
👉इसके पहले भी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलग पार्टी बनाने और गठबंधन बनाने से संबंधित खबरें फैल चुकी. हैं
NGV PRAKASH NEWS
