NGV PRAKASH NEWS

मां को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने पर युवक ने की पिटाई, इलाज के दौरान प्रेमी की मौत
मंदसौर, 24 जनवरी 2026.
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में अवैध संबंधों से जुड़ा एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गरोठ थाना क्षेत्र के एक गांव में मां को गांव के ही एक व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद बेटे ने उस व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार घटना 19 जनवरी 2026 की है। गांव निवासी अजय ने अपनी मां को गांव के ही रहने वाले राजाराम के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। यह दृश्य देखकर अजय आपा खो बैठा। आरोप है कि उसने पहले मोबाइल फोन से दोनों का वीडियो बनाया और इसके बाद लाठी से राजाराम पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के प्रयासों के बाद गंभीर रूप से घायल राजाराम को अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे झालावाड़ रेफर किया गया।
इलाज के दौरान गुरुवार को झालावाड़ में राजाराम की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने के बाद अजय खुद गरोठ थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने पुलिस को वह वीडियो भी सौंपा, जिसमें उसकी मां और राजाराम आपत्तिजनक हालत में दिखाई दे रहे हैं।
राजाराम की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाईं। आरोपी अजय को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
