NGV PRAKASH NEWS


मोमोज की लत में 14 वर्षीय बच्चे ने घर से चोरी कर दिए लाखों के जेवर, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देवरिया, 04 फरवरी 2026.
देवरिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जो हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के भगवानपुर तिवारी गांव में एक 14 वर्षीय बच्चे ने मोमोज खाने की लत के चलते अपने ही घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी कर मोमोज बेचने वाले को सौंप दिए। परिजनों के अनुसार चोरी किए गए गहनों की अनुमानित कीमत 80 से 85 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत विमलेश मिश्रा के बेटे को डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान लगाने वाले दुकानदार ने लालच दिया था। आरोप है कि दुकानदार ने बच्चे को यह कहकर बरगलाया कि यदि वह घर से सोने-चांदी के जेवर लाता रहेगा तो उसे रोज फ्री में मोमोज खिलाया जाता रहेगा। दुकानदार के इस झांसे में आकर बच्चा लगातार कई दिनों तक अपनी मां, पिता और बुआ के गहने चोरी कर दुकानदार को देता रहा।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब रविवार को घर में रखे कीमती जेवर अचानक गायब पाए गए। परिजनों ने जब बच्चे से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी साजिश सामने आ गई। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि कुल चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक कुछ सोने और चांदी के जेवर बरामद कर परिजनों को सौंप दिए हैं, हालांकि शेष गहनों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि चोरी के गहनों को आगे किसे बेचा गया या गिरवी रखा गया।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
👉 यह घटना इस बात का उदाहरण है कि किस तरह अपराधी बच्चों की मासूमियत और उनकी आदतों का फायदा उठाकर बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं।
NGV PRAKASH NEWS
