Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

यशवीर सिंह बने नए पुलिस अधीक्षक, जानिए उनकी पूरी पृष्ठभूमि
बस्ती, 05 फरवरी 2026.
शासन ने प्रदेश में दो दर्जन आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया |
बस्ती जिले में पुलिस प्रशासन की कमान अब 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी के हाथों में है। वर्तमान पुलिस अधीक्षक अभिन्नदन का तबादला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर किए जाने के बाद शासन ने रायबरेली के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को बस्ती का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आईपीएस यशवीर सिंह का जन्म 1 जुलाई 1985 को उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रायसी गांव में हुआ। उनके पिता विजय पाल सिंह गुर्जर और माता सुदेश देवी हैं। सामान्य ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने शिक्षा और कड़ी मेहनत के बल पर उच्च प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय किया। भारतीय पुलिस सेवा में चयन से पहले उन्होंने पशु चिकित्सक के रूप में भी सेवाएं दीं, जिससे उनका प्रशासनिक दृष्टिकोण तकनीकी, व्यावहारिक और वैज्ञानिक सोच से जुड़ा रहा।
वर्ष 2013 में आईपीएस में चयन के बाद यशवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में जिम्मेदारियां संभालीं। वे अलीगढ़, जालौन, सोनभद्र और गाजीपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रह चुके हैं। बस्ती में पोस्टिंग से पहले वह रायबरेली के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे |
अपने कार्यकाल के दौरान वे अपराध नियंत्रण, तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पहचाने गए। तस्कर और संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों के खिलाफ उनकी सख्ती के चलते अपराधियों में उनका खासा खौफ माना जाता रहा है।
शांत और मिलनसार स्वभाव के बावजूद यशवीर सिंह को कार्यशैली में बेहद सख्त अधिकारी के रूप में जाना जाता है। अधीनस्थ पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और फील्ड लेवल पर सक्रियता उनकी कार्यप्रणाली की प्रमुख पहचान रही है। वे मौके पर जाकर हालात का आकलन करने और त्वरित निर्णय लेने वाले अधिकारी माने जाते हैं।
प्रशासनिक हलकों में उन्हें ऐसा अधिकारी माना जाता है जो जमीनी सच्चाइयों को समझते हुए काम करता है। आम जनता की समस्याओं को सुनना, पीड़ितों को न्याय दिलाने पर फोकस और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। महिला अपराध, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनका रुख हमेशा सख्त रहा है।
निवर्तमान एसपी अभिन्नदन के सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद पर स्थानांतरण के बाद बस्ती पुलिस को नया नेतृत्व मिला है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यशवीर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS

