Gyan Prakash Dubey -NGV PRAKASH NEWS

बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की बड़ी कार्रवाई, 14 वर्षीय बालक कराया गया मुक्त
बस्ती, 06 फरवरी 2026.
बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक 14 वर्षीय बालक को श्रम से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के निर्देश के क्रम में की गई।
संयुक्त टीम द्वारा बाल श्रम उन्मूलन अभियान के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्णा भगौती गांव में स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर छापेमारी की गई, जहां एक नाबालिग बालक को काम करते हुए पाया गया।
नियमानुसार बालक को तत्काल रेस्क्यू कर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर बालक को उसके पिता को सुपुर्द कर दिया गया, जबकि बाल श्रम कराने वाले नियोजक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और श्रम विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ईंट भट्टों, होटल-ढाबों, मैकेनिक दुकानों और बस स्टैंड जैसे स्थानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों और सेवायोजकों को बाल श्रम निषेध कानून के बारे में जागरूक किया गया और स्पष्ट रूप से बताया गया कि नाबालिगों से श्रम कराना दंडनीय अपराध है।
इस संयुक्त अभियान में एक अन्य बच्चे को भी बाल श्रम से मुक्त कराया गया, जिस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी नागेंद्र त्रिपाठी द्वारा आवश्यक निरीक्षण टिप्पणी दर्ज की गई।
टीम ने लोगों को शासन और प्रशासन द्वारा जारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 108, 112, 1076 और 181 के बारे में जानकारी देते हुए अपील की कि बाल श्रम या किसी भी प्रकार के शोषण की सूचना तुरंत संबंधित विभागों को दें।
पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
