कमरे में घुसा जेठ,की दुष्कर्म की कोशिश-15 लाख रूपये भी मांगा…….

NGV PRAKASH NEWS

दहेज में 15 लाख न मिलने पर विवाहिता से उत्पीड़न, जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

हापुड़, 06 फरवरी 2026.

हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और जेठ द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 14 अप्रैल 2025 को मेरठ की आनंद निकेतन कॉलोनी निवासी कृष्ण गोपाल से हुई थी। विवाह के समय स्वजनों ने करीब 33 लाख रुपये नकद, आभूषण और घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद पति, जेठ योगेश सैनी और जेठानी प्रभा द्वारा अतिरिक्त 15 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर पीड़िता को गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोप है कि 24 जून 2025 को जब पति और जेठानी घर पर मौजूद नहीं थे, तभी जेठ जबरन उसके कमरे में घुस आया। विरोध करने पर उसके साथ छेड़छाड़ की गई और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश भी की गई। किसी तरह जान बचाकर वह बाहर निकली और बाद में शिकायत की, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *