उद्योग विभाग के कनिष्ठ सहायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

उद्योग विभाग के कनिष्ठ सहायक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

बस्ती, 06 फरवरी 2026.

कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरा स्थित पिलखांव गांव में उद्योग विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक रामसागर तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 55 वर्षीय रामसागर तिवारी का शव शुक्रवार सुबह गांव के उत्तर दिशा में स्थित नरेंद्र तिवारी के निजी नलकूप के बरामदे में पाया गया। शव के पास उल्टी के निशान भी मिले, जिससे मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मृतक की पहचान रामसागर तिवारी पुत्र झिनकाई प्रसाद तिवारी के रूप में हुई है, जो उद्योग विभाग में कनिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत थे।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों बताया कि रामसागर तिवारी की दिनचर्या नियमित थी। वह प्रतिदिन भोर में करीब चार बजे खेतों की ओर टहलने निकलते थे,और वापस लौटकर सुबह करीब साढ़े आठ बजे बस्ती स्थित उद्योग कार्यालय के लिए निकल जाते थे। पत्नी इन्द्रावती देवी ने बताया कि शुक्रवार को भी वह रोज की तरह सुबह खेत की ओर गए थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे।

जब लंबे समय तक वह वापस नहीं लौटे तो परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में निकल पड़े।

तलाशी के दौरान गांव के पास स्थित एक निजी नलकूप के बरामदे में उन्हें मृत अवस्था में देखा गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों ने बताया कि रामसागर तिवारी नौकरी के साथ-साथ खेती भी करते थे। उनकी मौत कैसे हुई, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मृत्यु से पहले उन्हें उल्टी हुई थी।

रामसागर तिवारी के परिवार में पत्नी इन्द्रावती देवी के अलावा तीन बेटियां अनुपम, रूपम और रूबी, एक बेटा प्रभात और उसकी पत्नी हैं। छोटी बेटी को छोड़ अन्य सभी की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या बाहरी जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *