NGV PRAKASH NEWS


मंडप में गिरा दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार
शाहजहांपुर, 09 फरवरी 2026
शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात उस समय शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई, जब मंडप में पहुंचते ही दूल्हा लड़खड़ाकर गिर पड़ा। दूल्हे के दिव्यांग होने की जानकारी सामने आने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। पूरी रात चली पंचायत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका और रविवार सुबह बरात बिना शादी के वापस लौट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी गांव से बैंड-बाजे के साथ बरात पहुंची थी। दुल्हन पक्ष ने परंपरा के अनुसार बरातियों का स्वागत-सत्कार किया। द्वारचार की रस्म पूरी होने के बाद कुछ बराती भोजन कर वापस चले गए, जबकि कुछ लोग मौके पर मौजूद रहे। शादी की अन्य रस्में पूरी होने के बाद जब दूल्हे को मंडप में पटे पर बैठाया गया, तभी वह अचानक नीचे गिर गया। इसके बाद उसे दोबारा खड़ा करने की कोशिश की गई, लेकिन वह ठीक से खड़ा नहीं हो सका।
इस घटना के बाद दूल्हा दिव्यांग है यह बात दुल्हन को पता चल गई | उसके बाद दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
मामले में दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें पहले जिस युवक को दिखाया गया था, वह पूरी तरह स्वस्थ था। आरोप लगाया गया कि बरात लेकर आने वालों ने धोखाधड़ी करते हुए दूल्हा बदल दिया और दिव्यांग युवक को दूल्हा बनाकर भेज दिया।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि द्वारचार के दौरान दूल्हा गाड़ी में ही बैठा रहा और जब उसे मंडप में लाया गया, तभी सच्चाई सामने आई। लड़की पक्ष ने इसे विश्वासघात बताते हुए कहा कि बरात के खाने-पीने में लाखों रुपये खर्च हो गए, जबकि दहेज का सामान भी घर पर ही रखा रह गया।
मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूरी रात पंचायत चलती रही, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। यदि तहरीर प्राप्त होती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
