मैं ठाकुर हूं तेरी ऐसी की तैसी कर दूंगी…….

NGV PRAKASH NEWS

निजी बैंक में महिला कर्मचारी का वीडियो वायरल, जातिसूचक टिप्पणी और धमकी का आरोप

कानपुर, 09 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश में सर चढ़ कर बोल रहा है जाति वाद | ऐसा ही जातिवादी भाषा के प्रयोग से जुड़ा एक मामला कानपुर से सामने आया है, जहां एक निजी बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बैंक की महिला कर्मचारी आस्था सिंह कथित रूप से एक महिला कस्टमर से बहस के दौरान आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए नजर आ रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला पनकी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी बैंक शाखा का है, जहां आस्था सिंह बतौर कर्मचारी कार्यरत हैं। किसी बैंकिंग कार्य को लेकर महिला कस्टमर और आस्था सिंह के बीच पहले बहस हुई, जो धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान आस्था सिंह तैश में आकर कस्टमर से अभद्र भाषा का प्रयोग करती दिखाई दीं। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आस्था सिंह काफी आक्रामक मुद्रा में हैं और कथित तौर पर लैपटॉप उठाकर कस्टमर पर फेंकने की धमकी देती नजर आती हैं। इस दौरान बैंक की अन्य महिला कर्मचारी उन्हें रोकने और स्थिति को संभालने की कोशिश करती दिखती हैं।

वीडियो में कस्टमर यह कहते हुए सुनाई देती हैं कि बैंक कर्मचारी की भाषा आपत्तिजनक है और उसे समझाने की जरूरत है। इस पर आस्था सिंह कथित रूप से यह कहती नजर आती हैं कि कोई उनकी भाषा नहीं सुधार सकता और इसके साथ मैं ठाकुर हूं ऐसी की तैसी कर दूंगी शब्दों का प्रयोग करती हैं। इसी बयान के बाद यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि अभी तक थाने पर कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, यदि इस संबंध में तहरीर दी जाती है तो पूरे प्रकरण की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *