NGV PRAKASH NEWS


जयमाल से पहले दुल्हन की हरकतों पर भड़का दूल्हा, शादी से किया इनकार, बिना दुल्हन लौटी बारात
हरदोई, 10 फरवरी 2026.
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक शादी उस वक्त बिखर गई, जब जयमाल से ठीक पहले दुल्हन की असामान्य हरकतों को देखकर दूल्हे ने विवाह से इनकार कर दिया। मामला पाली थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात तक चली पंचायत, समझाने-बुझाने और पुलिस हस्तक्षेप के बावजूद बात नहीं बन सकी और आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी शाहजहांपुर जिले के परौर थाना क्षेत्र के गांव देवहड़ा निवासी हरिपाल सिंह के बेटे भूपेंद्र से करीब एक साल पहले तय की थी। छह फरवरी को तिलक की रस्म पूरी हुई थी। आठ फरवरी को भूपेंद्र बारात लेकर पाली कस्बे के एक मैरिज लॉन पहुंचा। बारात का पारंपरिक तरीके से स्वागत हुआ, द्वारचार की रस्में निभाई गईं और इसके बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई।
जब जयमाल के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा तो उसके कुछ देर बाद दुल्हन भी वहां आई, लेकिन मंच पर पहुंचते ही दुल्हन नें अचानक मुँह को टेढ़ा-मेढ़ा बनाना शुरू कर दिया और फिर अपने कपड़े इधर-उधर खींचने लगी। दुल्हन की इन हरकतों से माहौल मैं सन्नाटा छा गया और सब असहज हो गया। दूल्हे को दुल्हन की मानसिक स्थिति को लेकर शंका हुई और उसने वरमाला से पहले ही शादी से इनकार कर दिया।
इस पर दुल्हन पक्ष ने दलील दी कि लड़की की तबीयत ठीक नहीं है और उसे बुखार है, लेकिन दूल्हा अपने फैसले पर अड़ा रहा। रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हा विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ।
आखिरकार दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी कि यदि 15 से 20 दिनों के भीतर लड़की की तबीयत सामान्य हो जाती है तो दोबारा बारात लाई जाएगी, अन्यथा शादी में हुए खर्च और लेनदेन का आपसी निपटारा कर लिया जाएगा। इस अवधि में दोनों पक्षों द्वारा कहीं और शादी न करने पर भी सहमति बनी। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में लिखित समझौता तैयार किया गया। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया।
NGV PRAKASH NEWS
