NGV PRAKASH NEWS


बेंगलुरु के नामी होटल में मसाज के दौरान कनाडाई महिला से यौन उत्पीड़न का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बेंगलुरु 10 फरवरी 2026.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु में एक नामी होटल के स्पा सेंटर में मसाज के दौरान एक कनाडाई महिला से यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है।
पीड़िता ने होटल के मसाज थेरेपिस्ट पर आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप लगाया है। घटना विधान सौधा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत स्थित होटल की बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह होटल के स्पा सेंटर में मसाज सेशन ले रही थी। इसी दौरान थेरेपिस्ट ने न केवल अनुचित तरीके से उसे छुआ, बल्कि उस समय कमरे का दरवाजा भी खोल दिया, जब वह अर्धनग्न अवस्था में थी। महिला का कहना है कि यह अनुभव उसके लिए मानसिक रूप से बेहद परेशान करने वाला और अपमानजनक था।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद उसने होटल मैनेजमेंट से शिकायत की, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। पीड़िता के मुताबिक, उसने मसाज के लिए 10 हजार रुपये का भुगतान किया था, जिसमें से होटल प्रबंधन ने 7 हजार रुपये वापस कर दिए और उसे मामले को वहीं खत्म करने तथा चुप रहने की सलाह दी गई।
घटना से आहत होकर महिला बाद में विधान सौधा पुलिस स्टेशन पहुंची और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उसने न केवल मसाज थेरेपिस्ट, बल्कि होटल स्टाफ और मैनेजमेंट की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों को लेकर कुछ बिंदुओं पर स्पष्टता की कमी है। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद महिला ने मुआवजे के रूप में बड़ी रकम की मांग की थी। जब होटल प्रबंधन ने रकम देने से इनकार किया, तब थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला को बेंगलुरु में एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट में हिस्सा लेना था, जिसे उसने इस विवाद के बाद रद्द कर दिया।
फिलहाल महिला बेंगलुरु शहर से बाहर चली गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। होटल स्टाफ, मसाज थेरेपिस्ट, मैनेजमेंट और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। साथ ही होटल और स्पा सेंटर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके।
NGV PRAKASH NEWS
