5 दिन पहले दफनाए गए UPSC की तैयारी कर रहे युवक का कब्र से निकाला गया शव…….

NGV PRAKASH NEWS

यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, चार दिन बाद कब्र से निकलवाया गया शव

बाराबंकी, 9 मार्च 26.

बाराबंकी जिले में यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। परिवार की मांग पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद चार दिन पहले दफन किए गए युवक के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई साजिश है।

यह भी पढ़ें…….

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर गांव निवासी महेंद्र वर्मा होमगार्ड हैं। उनका इकलौता बेटा प्रियांशु वर्मा (24) प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि होली का त्योहार मनाने के लिए वह 3 मार्च की शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव के पास वह संदिग्ध हालत में बेहोश मिले थे और उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए थे।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 4 मार्च को परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया था। हालांकि शुरू से ही परिवार को युवक की मौत को लेकर संदेह था और उनका आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं है।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कब्र खुदवाकर शव का पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए। रविवार को तहसीलदार विपुल सिंह की निगरानी में प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। चार दिन पहले दफन किए गए प्रियांशु वर्मा के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *