NGV PRAKASH NEWS

जमीन विवाद में बेटे ने पिता की ईंट से कुचलकर हत्या, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
अलीगढ़, 19 मार्च 2026.
जिले के बरला थाना क्षेत्र के गांव दिलालपुर में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां बिजली विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी उदय सिंह की उनके ही बेटे ने बेरहमी से ईंट से सिर और चेहरा कुचलकर हत्या कर दी। घटना के दौरान आरोप है कि बहू ने मृतक के पैर पकड़े, जबकि बेटे ने ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदय सिंह बिजली विभाग में एसएसओ पद से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में खेतीबाड़ी कर रहे थे। परिवार में संपत्ति और जमीन के पट्टे के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि उदय सिंह ने अपनी 18 बीघा जमीन पट्टे पर दे रखी थी और उससे मिलने वाले पैसे खुद रखते थे, जिसे लेकर छोटे बेटे संजू से अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
यह भी पढ़े…….
घटना के दिन सुबह फोन पर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद संजू अपनी पत्नी नीतू के साथ गांव पहुंचा। घर पर बड़े भाई महीपाल और बहन रेखा के सामने ही विवाद बढ़ गया। इसी दौरान पिता द्वारा संपत्ति से बेदखल करने की बात कहे जाने पर संजू आपा खो बैठा। आरोप है कि पत्नी ने उदय सिंह के पैर पकड़ लिए और संजू ने चारपाई पर लेटे पिता के सिर पर ईंट से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई महीपाल को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया, जबकि बहन के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद आरोपी संजू अपनी पत्नी के साथ मोपेड से फरार हुआ, लेकिन थाने के गेट पर पत्नी को छोड़कर खुद अंदर पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल कर ली। पहले तो पुलिस को यकीन नहीं हुआ, लेकिन मौके पर पहुंचने पर खून से सना भयावह दृश्य देखकर घटना की पुष्टि हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार पत्नी की तलाश के लिए टीम हाथरस भेजी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने देखा कि कमरे की चारपाई खून से लथपथ थी और दीवारों पर खून के छींटे घटना की बर्बरता बयां कर रहे थे। हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
बताया गया कि उदय सिंह ने दो शादियां की थीं और उनके तीन बेटे व सात बेटियां हैं। कुछ समय पहले उन्होंने अपने दो बेटों महीपाल और संजू के नाम वसीयत की थी, लेकिन बाद में संजू की हरकतों से परेशान होकर उसे बेदखल करने और संपत्ति बेटियों के नाम करने की बात कही थी। यही विवाद इस जघन्य वारदात की वजह बना।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार महिला की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
NGV PRAKASH NEWS
