NGV PRAKASH NEWS

केक के बाद अब बिस्कुट पर फूड अलर्ट, घटिया क्वालिटी को लेकर बढ़ी चिंता
19 मार्च 2026 — बस्ती जिले में एक नामी कंपनी का केक खाने के बाद युवक की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बाजार में बिक रहे एक लोकप्रिय बिस्कुट ब्रांड की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस नए फूड अलर्ट ने लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और खाने-पीने की वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।
दरअसल, बिहार में फूड सेफ्टी विभाग की जांच में SOBISCO कंपनी के HUM TUM क्रैकर्स बिस्किट को स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य के फूड सेफ्टी कमिश्नर ने इस उत्पाद पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। आदेश के तहत बिस्किट के सभी बैचों की पैकिंग, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर 15 दिनों के लिए पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है।
फूड सेफ्टी विभाग द्वारा विभिन्न बाजारों से लिए गए नमूनों की जांच NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई, जिसमें यह पाया गया कि बिस्किट में प्रिजर्वेटिव या सल्फाइट की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक है। इसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बाजार से इस उत्पाद को हटाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इस बिस्किट की बिक्री तुरंत बंद करें और स्टॉक में मौजूद सामग्री को वापस करें या नष्ट करें। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कई जिलों में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है और दुकानों से बिस्किट के पैकेट जब्त किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े…….
रिपोर्ट के अनुसार, विशेष रूप से बैच संख्या JU/C53 को प्रभावित बताया गया है, जिसकी निर्माण तिथि 21 अक्टूबर 2025 और समाप्ति तिथि 20 जुलाई 2026 है। यह उत्पाद 41 ग्राम के पैकेट में बाजार में उपलब्ध था, हालांकि जांच में व्यापक खामी मिलने के कारण सभी बैचों पर प्रतिबंध लागू किया गया है। SOBISCO (सोना बिस्किट्स लिमिटेड), कोलकाता की यह कंपनी पूर्वी भारत में काफी लोकप्रिय मानी जाती है।
बस्ती में हाल ही में केक से जुड़ी घटना के बाद इस नए खुलासे ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर भी खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच और सख्ती की मांग उठने लगी है। आम लोगों से अपील की जा रही है कि वे पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध उत्पादों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
NGV PRAKASH NEWS
