NGV PRAKASH NEWS

शादी के 4 महीने बाद युवती की संदिग्ध मौत, पति पर जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप
गुरुग्राम, 20 मार्च 2026.
हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय काजल के रूप में हुई है, जो गढ़ी हरसरू गांव की रहने वाली थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार काजल की शादी करीब चार महीने पहले गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी, जिसके बाद उन्होंने विवाह किया था। काजल एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी, जबकि उसका पति एक्स-रे तकनीशियन था। शादी के बाद दोनों गुरुग्राम के बासई इलाके में रह रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके रिश्तों में तनाव की स्थिति बन गई थी। विवाद के बाद काजल अपने मायके लौट आई थी और कुछ समय बाद उसका पति भी वहीं आकर रहने लगा था।
👉यह भी पढ़ें…….
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम काजल घर में अपनी बहन और भाभी के साथ मौजूद थी। इसी दौरान उसका पति उसे नीचे बुलाकर ले गया। कुछ देर बाद जब परिजन नीचे पहुंचे तो काजल अचेत अवस्था में पड़ी मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति ने काजल को किसी जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन दिया। उनका कहना है कि घर के बाथरूम से एक सिरिंज भी बरामद हुई है, जिससे संदेह और गहरा गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर सेक्टर-10 थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी एएसआई जगदीश चंद ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
