दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या…….

NGV PRAKASH NEWS

यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या, कैंपस में मचा हड़कंप

वाराणसी, 20 मार्च 2026.

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित यूपी कॉलेज (उदय प्रताप कॉलेज) परिसर में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े बीएससी के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया।

👉यह भी पढ़ें…….

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो बीएससी का छात्र था और मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसे कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय कैंपस में गोली मारी गई। प्रारंभिक जांच में छात्रों के बीच आपसी विवाद के बाद घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी छात्र ने मामूली कहासुनी के बाद सूर्य प्रताप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्टल और कारतूस मौके पर ही फेंककर बाइक से फरार हो गया।

घटना के विरोध में कॉलेज के छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया और पूरे कैंपस को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने बताया कि दो छात्रों के बीच कहासुनी के दौरान यह घटना हुई। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।

वहीं पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। एफएसएल टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है और मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। मुख्य आरोपी का नाम मंजीत बताया जा रहा है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *