Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के निरीक्षण में डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, नकलविहीन परीक्षा पर जोर
बस्ती, 25 अप्रैल 2026.
जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एपीएन पीजी कॉलेज, ए.एस.एच.एस. एंड जी.आर.एस. इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज तथा बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई।
NGV PRAKASH NEWS
